जालोर. मोदी सरनेम प्रकरण में राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने के विरुद्ध कांग्रेस की ओर से सत्याग्रह किया गया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार रविवार सुबह 10 बजे केंद्र सरकार के विरोध में समस्त कांग्रेसजन द्वारा महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष जन अभियोग निराकरण समिति अध्यक्ष पुखराज पाराशर के नेतृत्व में गांधी चौक जालोर में सत्याग्रह कार्यक्रम किया गया।
इस दौरान पुखराज पाराशर ने पत्रकारों से बातचीत में संकेतों में कहा कि ओवैसी ने कई बार मोदीजी के विरुद्ध बयानबाजी, लेकिन उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि खुद नरेंद्र मोदी कई बार रेणुका चौधरी को सूर्पणखा की संज्ञा दे चुके है, फिर भी कोई नहीं बोला। राहुल गांधी के विरुद्ध भाजपा ने जिस तरह से योजनाबद्ध तरीके व साजिश रचते हुए खेल खेला है, वो निंदनीय है। यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। तानाशाही की यह पराकाष्ठा हो गई है। जिसने केस किया, वो सब मिलीभगत का खेल है।
करोड़ों भारतीयों की बचत जोखिम में
इससे पहले सर्वप्रथम महात्मा गांधी की मूर्ति पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए गए साथ ही समस्त कांग्रेसजनों ने उनके बताए गए मार्गों एवम आदर्शो पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन अभियोग निराकरण समिति अध्यक्ष पुखराज पाराशर ने कहा कि आप प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा सरकार की अडानी के पक्ष में क्रोनी कैपिटलिज्म की नीति से वाकिफ हैं। गहरे आर्थिक संकट के समय में भाजपा सरकार देश के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को अडानी समूह को बेच रही है और एसबीआई एवं एलआईसी जैसे सार्वजनिक संस्थानों को निवेश करने के लिये मजबूर कर रही है। जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के भारतीयों की करोड़ों की बचत जोखिम में है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा उक्त मुद्दे को संसद में उठाया गया जिस कारण केन्द्र सरकार की तानाशाही एवं भाजपाई षड़यंत्र के चलते उनकी लोकसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई है जो सरासर लोकतंत्र के मूल्यों का गला घोटने जैसा है। केंद्र की भाजपा सरकार लगातार सरकारी जांच एजेंसियों का दुरूपयोग कर विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश कर रही है। जो कि भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था हेतु ठीक नहीं है।
इस अवसर पर जिला प्रभारी भूराराम सीरवी, पूर्व जिलाध्यक्ष नैनसिंह राजपुरोहित, पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल, सवाराम पटेल, पूर्व जिला प्रमुख मंजू मेघवाल, जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुम्पावत, जालोर ब्लॉक अध्यक्ष भोमाराम मेघवाल, आहोर ब्लॉक अध्यक्ष वीरेन्द्र जोशी, लाल सिंह धानपुर, रमेश सोलंकी, डॉ भरत कुमार, श्रवण सिंह राठौड़, महिला जिलाध्यक्ष शोभा सुंदेशा, जिला सचिव सरोज चौधरी, ममता जैन, इंदु परिहार, नेता प्रतिपक्ष कालूराम मेघवाल, पार्षद बसंत सुथार, पार्षद मिश्रीमल गहलोत, पार्षद लक्ष्मण सिंह सांखला, मनोनीत पार्षद सुरेश मेघवाल, खीमाराम चौधरी,सेवादल यंग ब्रिगेड लक्ष्मीकांत दवे, कैलाश शर्मा, प्रेम सिंह मिठड़ी, पुखराज मेघवाल, सुष्मिता गर्ग, महेंद्र सोनगरा, जुझाराम चौधरी, जुबेदा नागोरी,वर्षा जैन, अफरोज बानो, कपूराराम परिहार, विक्रम सिंह बालोत,भरत सिंह राजपुरोहित, सलीम मोयला,किशनाराम चौधरी, इरफान खान सहित कांग्रेसजन मौजूद थे।