- चिकित्सा विभाग ने बड़ी कार्रवाई
जालोर. दीपावली महोत्सव को देखते हुए नकली पनीर बनाने का काम जोरों पर चल रहा है। इसी के तहत गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को चिकित्सा विभाग की टीम ने सांचौर के माखुपुरा में 29 क्विंटल से अधिक नकली पनीर बरामद कर नष्ट करवाया है।
जालोर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ भजनलाल डूडी ने बताया कि शुद्ध के लिए युद्ध अभियान के तहत ज़िला कलेक्टर जालोर के निर्देशन में सांचौर कस्बे के माखुपुरा रीको इंडस्ट्रियल एरिया में चिकित्सा विभाग और प्रशासन ने शुक्रवार को संयुक्त कार्रवाई की।
सीएमएचओ डूडी ने बताया कि गुप्त सूत्रों से पता चला था कि सांचौर में सिंथेटिक दूध से बड़ी मात्रा में पनीर बनाने का धंधा साँचोर व आसपास के एरिया में फल फूल रहा है।
ज़िला कलेक्टर के निर्देशन में सीएमएचओ जालोर ने चिकित्सा व प्रशासन की संयुक्त टीम ने वृंदावन डेयरी में छापा मारा। जिसमें अमूल ब्रांड के दूध पाउडर से पनीर बनाने का काम किया जा रहा था।
टीम ने मौके से 2 हजार 975 किलोग्राम नकली पनीर बरामद कर नष्ट करवाया। उक्त पनीर स्किम्ड मिल्क पाउडर और पामोलीन तेल से बनाया जाकर दीपावली के मौके पर आम जनता को विक्रय के लिए संग्रहित किया हुआ था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा पनीर और मिल्क पाउडर का नमूना जांच के लिए लिया गया। उक्त पनीर स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित होने से मौके पर ही नष्ट करवाया गया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रजनीश शर्मा, हनवन्त सिंह, विनोद परमार, बीसीएमओ ओमप्रकाश सुथार, तहसीलदार रामस्वरूप जोहार आदि उपस्थित थे।