- नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष जसराज पुरोहित के स्वागत कार्यक्रम में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने सुनाई व्यथा
दिलीप डूडी, जालोर. जालोर भाजपा के नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष जसराज पुरोहित का जालोर विधानसभा क्षेत्र का स्वागत कार्यक्रम शनिवार को जिला मुख्यालय स्थित होटल विजय पैराडाइज में रखा गया। कार्यक्रम में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने भाजपा की स्थापना से लेकर अब तक के सफर की कहानी सुनाते हुए कहा कि आज बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।
राजनीति में शिखर पर पहुंचना बड़ा मुश्किल होता है, इससे भी बड़ा होता शिखर पर बरकरार रहना, भारत के सुरक्षित भविष्य के लिए हमें भाजपा को आगामी 50 वर्षों तक सत्ता में लाते रहना होगा। इसके लिए हमें छोटी छोटी बातों को भूलकर पार्टी के लिए काम करना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि ट्रांसफर के मामलों में जब खींचतान हो जाती है तो ठीक नहीं रहती। गर्ग ने स्वयं अपनी व्यथा सुनाते हुए कहा कि पांथेड़ी का संकट मेरे गले की हड्डी बना हुआ है, कुछ लोग कहते है कि इस कर्मचारी को हटाओ और कुछ लोग कहते है कि इस कर्मचारी को नहीं हटाना है।
उल्लेखनीय कि यहां के ग्राम विकास अधिकारी को लेकर कार्यकर्ताओं में धड़ेबाजी बनी हुई है, जिस पर गर्ग निर्णय नहीं ले पा रहे है। गर्ग ने कार्यकर्ताओं को इस चीज से बाहर आने की सलाह दी और कहा कि कर्मचारियों का खिलौना मत बनो, वो नौकर है नौकर रहने दो। वैध कार्य उन्हें झक मार कर करने पड़ेंगे। नहीं तो हम सरकार लेकर बैठे हैं, निपट लेंगे। गर्ग ने कहा कि पार्टी के लिए हमें सर्वव्यापी काम करना है। भाजपा को हर समाज के हर बूथ पर वोट मिलते है, हमें इसमें और वृद्धि करने को लेकर आगे बढ़ना है। गर्ग ने कहा कि बूथ अध्यक्ष हमारा पहला बॉस, मण्डल अध्यक्ष दूसरा, जिलाध्यक्ष तीसरा, प्रदेशाध्यक्ष चौथा व राष्ट्रीय अध्यक्ष हमारा पांचवा बॉस है। ये पांच बॉस जो कहे वो हमें करना है, अब से जसराज पुरोहित हमारे बॉस है, इनके नेतृत्व में पार्टी और मजबूत होगी।
आगामी चुनावों में जोश कायम रखना
नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष जसराज पुरोहित ने कहा कि पद की घोषणा होने के पांच दिनों में मैं कार्यकर्ताओं से मिला हूं, कार्यकर्ताओं में जोश और उमंग है। यही जोश आगामी पंचायतीराज व निकाय चुनाव में कायम रखना है। पुरोहित ने कहा कि कार्यकर्ताओं की अंतिम पंक्ति में बैठता था, आपने मुझे मंच पर बैठने का सौभाग्य दिया, सभी साथ मिलकर पार्टी को मजबूत करेंगे।
सभी लोगों को पार्टी से जोड़ें
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष व राष्ट्रीय कार्य परिषद सदस्य रविंद्रसिंह बालावत ने कहा नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष को अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा जालोर के अब तक हुए सभी जिलाध्यक्षों का वे साक्षी रहे हैं, सभी को मिलकर पार्टी को लोकतांत्रिक मजबूती देनी है। कार्यक्रम में जालोर विधानसभा क्षेत्र के काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित हुए। कार्यक्रम में भूपेंद्र देवासी, मंगलसिंह सिराणा, मुकेश खण्डेलवाल, प्रकाश छाजेड़, पुखराज राजपुरोहित, सुरेश सोलंकी, तुलसाराम चौधरी, रवि सोलंकी, उत्तमचन्द गर्ग, नैनमल लखारा, महेंद्र मुणोत, गणपतसिंह राव, गजेन्द्रसिंह सिसोदिया, बाबूलाल मेघवाल, अम्बालाल व्यास, रामलाल मेघवाल, केवदाराम, मुकेश राजपुरोहित, हाज़ाराम चौधरी, सुशीला सेन, मेथी देवी, कल्याणसिंह परिहार समेत कार्यकर्ता मौजूद रहे।