- किसान कांग्रेस का कार्यक्रम आयोजित
जालोर. किसान कांग्रेस की बैठक रविवार को मलकेश्वर मठ में आयोजित हुई। जिसमे कई वक्ताओं ने संबोधित किया इसके बाद किसान कांग्रेस ने प्रेस वार्ता की। किसान कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी सतवीर यादव ने कहा कि किसान कांग्रेस जिले में अब तक काफी निष्क्रिय था और किसानों के लिए किसी प्रकार के कोई धरना प्रदर्शन या उनकी आवाज को उतनी मजबूती के साथ आगे नहीं पहुँचा सके, मैं इस बात को स्वीकार करता हूँ, लेकिन अब किसान कांग्रेस में हम फेरबदल करने जा रहे हैं। नए ऊर्जावान लोगों को मौका देंगे ताकि वे किसान की बात को मजबूती से रख सके।

उन्होंने कहा कि हालांकि जब मुझे राजस्थान का कार्यभार मिला, तब राज्यसभा चुनाव चल रहे थे। वहीं प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। मेरे दिमाग में था कि प्रदेश में सभी संगठन मजबूत होंगे, लेकिन किसान कांग्रेस सक्रिय नहीं थी। यादव ने कहा कि या तो हमें पद लेना नहीं चाहिए और कोई पद लेते हैं तो काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं तो पूरी तरह से निष्ठा के साथ काम करने वालो को आगे बढ़ने में हमेशा सहयोग करता हूँ। यादव ने अशोक गहलोत सरकार को लेकर कहा कि उनके कार्यकाल में विकास की झड़ी लगा दी थी सरकार ने काम करने में कोई कमी नहीं छोड़ी, संगठन के लोग कमजोर रहे। उन्होंने कहा कि अब सक्रिय और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं की एक लिस्ट तैयार कर उन्हें मौका देंगे ताकि वे सक्रिय रहकर संगठन में काम कर सके। उन्होंने कहा कि किसान की पीठ के पीछे किसान कांग्रेस खड़ी है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि जिले में किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अच्छा काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी सेना कमजोर है।
यादव ने कहा कि राजस्थान में किसानों के साथ ज्यादती कर रही है भाजपा सरकार। किसानों की भूमि अधिग्रहण कर उनके साथ लाठियां बरसाई जा रही है।
किसान कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष शिव भगवान नागा ने कहा कि आज मुद्दे बहुत है बस उठाने वाला चाहिए। संगठन में वो ही आगे बढ़ सकेगा जो लोगों की समस्याओं को समझ कर सरकार तक पहुंचाएगा। उन्होंने कहा कि यह पता होना चाहिए कि किसान की समस्याएं क्या है हर जिले में किसान की अलग अलग समस्याएं हैं। नागा ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को लेकर संवेदनहीन है वो किसान की बात नहीं सुनती है। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को किसान की आवाज को मजबूत करना है।
कांग्रेस नेता पुखराज पाराशर ने कहा कि पिछले दिनों भारतीय किसान संघ ने जो धरना दिया था वो लोगों को गुमराह करने के लिए दिया था, हमने किसान हित में धरने का समर्थन किया था। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से कहा कि किसान हित में प्रदर्शन के लिए किसी का इंतजार नहीं करना चाहिए। पाराशर ने यह भी कहा निचले स्तर पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को निर्देश आने चाहिए उनकी मोनिटरिंग भी होनी चाहिए। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल, नैनसिंह राजपुरोहित, सरोज चौधरी, रमिला मेघवाल, सवाराम पटेल, किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शैतानसिंह धनानी, सूरजपालसिंह सुराणा, सेवादल जिलाध्यक्ष भेरूपाल सिंह दासपा, ईशराराम विश्नोई, आशुराम देवासी, जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत समेत किसान कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।