- विधायक राजपुरोहित ने राउमावि कंवला किया औचक निरीक्षण
जालोर. आहोर विधायक छगनसिंह राजपुरोहित ने आहोर ब्लॉक की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कंवला का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने स्कूल स्टाफ एवं प्रधानाचार्य की गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों से विशेष चर्चा की और साथ ही कक्षाओं में जाकर बच्चों की क्लास लेकर विद्यार्थियों का शैक्षिक स्तर जांचा। विधायक राजपुरोहित ने विद्यालय स्टाफ़ को स्कूल परिसर में केवल विद्यार्थियों की पढ़ाई पर फोकस करने के सख्त निर्देश दिए।
लैब जल्द शुरू करवाने का दिया भरोसा
विधायक राजपुरोहित ने विद्यालय में विज्ञान विद्यार्थियों के लिए साइंस लेब (प्रयोगशाला) जल्द से जल्द शुरू करवाने सहित विद्यालय का मरम्मत कार्य करवाने को लेकर विद्यार्थियों को आश्वस्त भी किया। इस दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष छोगसिंह खींची, भंवरसिंह राठौड़, पूर्व भाजयुमो मंडल अध्यक्ष रामदेवसिंह भोमिया, स्थानीय विद्यालय के प्रधानाचार्य सहित विद्यालय स्टाफ़ मौजूद रहे।