देवेन्द्रराज सुथार / बागरा. बागरा में मंगलवार को होली का त्योहार मनाया गया। कस्बेवासियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंगोत्सव की शुभ-कामनाएं दीं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवकों ने ढोल-थाली के साथ फेरी लगाकर ग्रामीणों के साथ होली का त्योहार मनाया। इस दौरान होली के लोकगीतों और नारों से फिजां में उल्लास और रोमांच बिखर गया।
इसी तरह नारणावास क्षेत्र में होली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। रूप सिंह राठौड़ के सानिध्य में रविवार को शुभ मुहूर्त में होली का दहन किया गया। सोमवार को सात धान अनाजों का कलश निकाल कर सगुन देखे गए। इस बार अच्छे जमाने के संकेत मिले हैं। वहीं ग्रामीणों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल डाल कर होली की बधाई दी। मंगलवार को जागनाथ महादेव मंदिर में महंत महेंद्र भारती के सानिध्य में दर्जनों गांवों के ग्रामीणों ने एक दूसरे पर रंग डाल कर बधाई दी।
इस अवसर पर गुरु भाई विष्णु भारती, जोग सिंह, केशाराम राजपुरोहित, भगवत सिंह नारणावास, चंदन सिंह धवला, भगवत सिंह धवला, राजु पुरी सहित दर्जनों गांवों के ग्रामीण मौजूद थे।