- जालोर में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन
दिलीप डूडी, जालोर. जालोर जिला मुख्यालय पर चामुंडा गार्डन में शनिवार शाम को कांग्रेस का जन संवाद कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी शामिल हुए। गहलोत ने जालोर वासियों को कहा कि मैं वैभव को आपको सौंपकर जा रहा हूँ, आपको भलोवण देकर जा रहा हूँ। इसका ख्याल आपको रखना है, लेकिन इनसे पहले सम्बोधित करने वाले वक्ता जालोर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी लुम्बाराम चौधरी की उम्र व पढ़ाई को लेकर खिल्ली उड़ाते रहे। यहां पचपदरा के पूर्व विधायक मदन प्रजापत ने अशोक गहलोत के साथ साथ जालोर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी वैभव गहलोत के कसीदा पढ़ने में कोई देरी नहीं की।
मदन प्रजापत ने इशारों में देवजी पटेल के बारे में कहा कि 15 साल में जालोर क्षेत्र में भाजपा के युवा सांसद ने काम का विकास नहीं किया, लेकिन शरीर का जरूर कर दिया। साथ ही प्रत्याशी लुम्बाराम चौधरी के बारे में कहा कि अब भाजपा ने इस बुड्ढे को उतार दिया, ये क्या कर पाएंगे।
![](https://ddtnews.in/wp-content/uploads/2024/03/IMG-20240320-WA0021.jpg)
मदन प्रजापत ने कहा कि वैभव गहलोत युवा है और दिल्ली में अपनी मजबूती से बात रख पाएंगे। इसी प्रकार यहां सम्बोधित करते हुए सिरोही के पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने लुम्बाराम को अनपढ़ ही बता दिया। बोले दसवीं पास है, मुझे तो उसकी मार्कशीट पर ही शक है। लोढ़ा ने कहा कि यहां मंच पर बैठे सभी नेता अशोक गहलोत के प्रोडक्ट है। साथ लोढ़ा ने कहा कि जोगेश्वर गर्ग पांच बार जीता हुआ विधायक है, इन्हें उपमुख्यमंत्री बनाना चाहिए था, लेकिन हाजरी भरने के काम में लगा दिया।
कागज पर लिखे मुद्दे पढ़कर वैभव बोले हमने केशवना में कृषि विश्वविद्यालय खोला
वैभव गहलोत ने अपने भाषण के अंश कागज पर लिखे हुए बोले। इस दौरान जिले में प्रदेश कांग्रेस सरकार की ओर से करवाये गए कार्यों का बखान किया गया, इस दौरान वैभव गहलोत ने कहा कि जालोर के केशवना में कृषि विश्वविद्यालय खोला। उन्होंने सभी को वैभव गहलोत बनकर कार्य करने का आग्रह किया।
![](https://ddtnews.in/wp-content/uploads/2024/03/IMG-20240312-WA0004.jpg)
गहलोत सरकार के कार्य गिनाए
यहां भीनमाल विधायक डॉ समरजीतसिंह, रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी, सांचौर के पूर्व विधायक सुखराम विश्नोई ने गहलोत सरकार द्वारा करवाये गए कार्यों को ध्यान में रखते हुए एकजुटता के साथ काम करने या आव्हान किया। रमिला मेघवाल व सरोज चौधरी ने विधानसभा चुनाव में रही कमियों को भूलकर इस चुनाव को जीतने की बात कही।
वैभव आपको सौंप रहा हूँ – गहलोत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि इस चुनाव में जालोर सिरोही से वैभव गहलोत को प्रत्याशी बनाया है। पहले एक बार इनका नाम सवाई माधोपुर से चलाया था। फिर जोधपुर से चुनाव लड़े हार गए, अब आपकी मांग पर यहां लाये हैं। आपको भलावन देने आया हूँ। उन्होंने इस मौके उपस्थित कांग्रेसजन से कहा कि मैं वैभव गहलोत को आपको सुपुर्द कर रहा हूँ अब आपकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार थी तो हमने काम करने में कोई कमी नहीं रखी। उन्होंने कहा कि हमने टाउन हॉल, मेडिकल कॉलेज, कृषि महाविद्यालय सहित जालोर में विकास में कोई कमी नहीं रखी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपाइयों ने झूठ बोलकर प्रचार किया, लोगों को भ्रमित कर वोट लिए।
![](https://ddtnews.in/wp-content/uploads/2024/03/IMG-20240301-WA0010.jpg)
उन्होंने कहा कि मैं तो तीन बार मुख्यमंत्री रहा हिंदुस्तान में ऐसे कम ही होंगे। कार्यक्रम को सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमसिंह शेखावत ने भी संबोधित किया। जिलाध्यक्ष भंवरलाल मेघवाल ने स्वागत भाषण दिया। इस दौरान पुखराज पाराशर, सवाराम पटेल, उमसिंह, मोहनसिंह चितलवाना, प्रदीप सिंह सियाणा, नरेश सेठ मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता योगेन्द्र सिंह कुम्पावत ने किया।