- भाजपा उम्मीदवार लुम्बाराम चौधरी ने जालोर में मंदिरों में किए दर्शन
जालोर. जालोर संसदीय क्षेत्र से भाजपा की टिकट मिलने के बाद प्रत्याशी लुम्बाराम चौधरी ने देव दर्शन यात्रा शुरू कर दी है। बुधवार को चौधरी ने जालोर के मंदिरों में दर्शन किए। इस दौरान जालोर में पत्रकारों की ओर से कांग्रेस से वैभव गहलोत के प्रत्याशी बनाने की संभावना के सवाल पर चौधरी ने जवाब देते हुए कहा कि भले ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आ जाये, लेकिन जालोर से भाजपा ही जीतेगी।
लुम्बाराम ने विश्वास के साथ कहा कि किसान, मजदूर समेत आमजन उनके साथ है। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र में पानी का मुद्दा उनका प्रमुख है। माही परियोजना व बतीसा नाला प्रोजेक्ट को प्राथमिकता से करवाया जाएगा। इससे पहले लुम्बाराम चौधरी सुबह कानीवाड़ा मंदिर दर्शन कर यात्रा शुरू की। उसके बाद लेटा मंदिर पहुंचे। बाद में जालोर शहर में उन्होंने संघ कार्यालय में मुलाकात की। साथ ही भैरुनाथ अखाड़ा में दर्शन कर आगे की यात्रा के लिए रवाना हुए।
भाजपा ने दिखाई एकजुटता
प्रत्याशी लुम्बाराम चौधरी के साथ मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, जालोर जिला अध्यक्ष श्रवणसिंह राव, प्रकाश छाजेड़, गणपतसिंह बगेड़िया, युवा मोर्चा अध्यक्ष गजेन्द्रसिंह सिसोदिया, गोपाल माली समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता साथ रहे। देव दर्शन यात्रा के दौरान जगह जगह स्वागत किया गया।