- लोकसभा चुनाव को लेकर समन्वयक हेमसिंह शेखावत ने ली बैठक
दिलाप डूडी, जालोर. पिछले लगातार दो बार के लोकसभा चुनाव में प्रदेश में सभी सीटों पर हार झेलने व इस बार सत्ता से बाहर हुई कांग्रेस लोकसभा चुनाव को तैयारियां में जुटी हुई है। शुक्रवार को मलकेश्वर मठ में लोकसभा समन्वयक हेमसिंह शेखावत ने कांग्रेस पार्टी की बैठक ली।
बैठक में शेखावत ने सख्त लहजा भी दिखाया, बैठक से अनुपस्थित रहने वाले पार्टी पदाधिकारियों की गैर हाजिरी लगाई और उन पर कार्रवाई का भरोसा भी दिलाया। साथ ही कहा कि एक समय था जब कांग्रेस के पदाधिकारियों ने अंग्रेजों को देश से भगाया था, लेकिन वर्तमान के हालात पर लोग कहेंगे कि ऐसे पदाधिकारियों ने कांग्रेस को खत्म कर दिया। हमें कांग्रेस की मजबूती के लिए स्वयं के स्तर पर मेहनत करनी होगी। शेखावत ने यह भी कहा कि बैठक में बाकी कुछ नहीं सुना जाएगा कि पिछले चुनाव कैसे हारे थे, या कौन जीत सकता है, या किसी टिकट देनी चाहिए यह बात नहीं करनी है, बस केवल यह बताना है कि हम जीत कैसे सकते है। कार्यकर्ताओं में भी सुगबुगाहट शुरू हो गई थी, इसे देखते हुए शेखावत ने सोचा कि मीडिया की मौजूदगी में कुछ उल्टा सीधा न हो जाये इसलिए मीडिया से निवेदन कर उन्हें कक्ष से बाहर भेज दिया।
कार्यकर्ता को फटकारना चाहा तो सुना दी खरी खोटी
दरअसल, शेखावत सम्बोधित कर रहे थे, उन्होंने सभी को मोबाइल भी साइलेंट करवा दिए थे, इस दौरान पीछे की कुर्सी पर बैठे कार्यकर्ता सुरेश मेघवाल ने दूसरे कार्यकर्ता के कान में कुछ कहना चाहा , इस पर शेखावत भड़क गए और उन्होंने सुरेश मेघवाल को आगे बुलाकर कहा कि ऐसा कौनसा गोपनीय सुझाव दे रहे थे, यहां खुले में बता दो। इस पर सुरेश मेघवाल भी नहीं चूके और उन्होंने भी शुरू कर दिया कि पिछले 35 सालों से जालोर विधानसभा और 20 सालों से जालोर लोकसभा क्यों हार रहे है, इस बारे में उन्होंने खरी खरी सुनानी शुरू कर दी, शेखावत ने सोचा कि मामला गम्भीर हो जाएगा, उन्होंने मीडिया से कहा कि कृपया कक्ष से बाहर चले जाएं।
नेता प्रतिपक्ष ने विधानसभा प्रभारी पर लगाए आरोप
इसी बैठक में नगरपरिषद के नेता प्रतिपक्ष बसंत सुथार ने वहां मौजूद विधानसभा प्रभारी हरीश गहलोत पर खुले में आरोप लगा दिए, सुथार ने कहा कि गहलोत ने सिरोही में कांग्रेस प्रत्याशी संयम लोढ़ा के खिलाफ प्रचार किया, इस पर काफी देर दोनों के बीच बहसबाजी भी हुई। अन्य पदाधिकारियों ने दोनों को शांत किया।
वैभव गहलोत के लिए राजपूत नेताओं को किया आगे
जालोर लोकसभा सीट पर बीस साल से कांग्रेस हार रही है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत अपने बेटे वैभव गहलोत को जालोर लोकसभा सीट पर शिफ्ट करना चाहते है, वर्ष 2019 में प्रयास किए, लेकिन तब वैभव को जोधपुर की टिकट मिली। वहां वो हार गए। जीत इस बार भी मुश्किल लग रही है, ऐसे में इस बार जालोर से भाग्य आजमाना चाहते है। इसके लिए विशेषकर राजपूत समाज से जुड़ाव करना चाहते है। इसके लिए उन्होंने यहां हेमसिंह शेखावत को समन्वयक बनाकर भेजा। वहीं धर्मेंद्र राठौड़ को भी घरानों से मुलाकात कर फीडबैक लेने भेजा था। बताया जा रहा है कि राजपूत समाज ने भी स्पष्ट कहा है कि यहां राजपूत समाज से भी दावेदार है, वैभव गहलोत के जीत की गारंटी नहीं दी जा सकती। इसलिए कांग्रेस वैभव गहलोत को जालोर से चुनाव लड़ाने के लिए अच्छा माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। जिसके लिए कई प्रकार के फीडबैक व सर्वे भी करवाये जा रहे है।
फिर हुई चुनाव को लेकर लंबी चर्चा
बैठक में एआईसीसी द्वारा नियुक्त लोकसभा समन्वयक हेम सिंह शेखावत ने प्रदेश एवम जिला कार्यकारिणी पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष सहित समस्त कांग्रेसजन से लोकसभा चुनावों हेतु रायशुमारी की।
बैठक को सम्बोधित करते हुए लोकसभा समन्वयक हेम सिंह शेखावत ने कहा कि भाजपा हमेशा जूठी बाते एवम साम्प्रदायिक जहर फैलाने का कार्य करती है। हम समस्त कांग्रेसजन को आपसी मन मुटाव भुलाकर बूथ स्तर तक पार्टी को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करना चाहिये।प्रत्येक कार्यकर्ता अगर अपने बूथ को मजबूत कर दे तो कांग्रेस जालोर सिरोही लोकसभा चुनाव में भारी मतों से विजय हो सकती है। उन्होंने कांग्रेसजन से अभी से लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने की अपील की।
बैठक को सम्बोधित करते हुए पुखराज पाराशर ने कहा कि विगत 5 वर्षों में राजस्थान की गहलोत सरकार ने जालोर जिले में कई ऐतिहासिक कार्य करवाए है। हमे हमारे विकास कार्यो एवम लोककल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच बताकर भाजपा से झूठ को बेनकाब करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पिछले 15 सालों से भाजपा के सांसद जालोर सिरोही में है लेकिन वह अपने द्वारा की गई एक भी उपलब्धि जनता को नहीं बता सकते। बैठक को सम्बोधित करते हुए महेंद्र गहलोत ने कहा कि जालोर सिरोही लोकसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की बदौलत कांग्रेस पार्टी मजबूत है हमे सिर्फ बूथ मैनेजमेंट को और अधिक मजबूत करना होगा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भवरलाल मेघवाल ने कहा कि हम समस्त कांग्रेसजन को स्वयं को कांग्रेस प्रत्यशी समझकर कार्य करना होगा ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में हमे जीत मिल सके। बैठक को प्रदेश महासचिव नैन सिंह राजपुरोहित, प्रदेश सचिव हरीश परिहार, आहोर कांग्रेस प्रत्याशी सरोज चौधरी, जालोर कांग्रेस प्रत्याशी रमिला मेघवाल, वरिष्ठ कांग्रेसी सवाराम पटेल,प्रदेश महासचिव उम सिंह राठौड़,जिला उपाध्यक्ष जुल्फिकार अली,जिला उपाध्यक्ष लाल सिंह धानपुर,सेवादल जिलाध्यक्ष पुखराज विश्नोई,नेता प्रतिपक्ष बसंत सुथार ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत ने किया।
बैठक में प्रदेश सचिव शहजाद अली,संगठन महासचिव वीरेंद्र जोशी,जिला प्रवक्ता योगेंद्र सिंह कुम्पावत,जिला उपाध्यक्ष चतराराम सुथार,जिला उपाध्यक्ष आम सिंह परिहार,जिला कोषाध्यक्ष जवानाराम परिहार, जिला महासचिव लाल सिंह राजपुरोहित, जिला सचिव नरपत सिंह देवड़ा,जिला सचिव ओम सिंह,आसुराम देवासी,जालोर ब्लॉक अध्यक्ष भोमाराम मेघवाल,सायला ब्लॉक अध्यक्ष सवाई सिंह चंपावत,भीनमाल ब्लॉक अध्यक्ष हीरालाल बोहरा,सोनाराम मेघवाल,मंडल अध्यक्ष रमेश सोलंकी,गोपाल देवासी,पीर सिंह मालपुरा, पुने खान,जोगेंद सिंह,रतन चौधरी, हस्तीमल सुथार,शंकर अग्रवाल, अंजू भट्ट,कमल सिंह बालावत,आलम खान,मांगीलाल भील,बंशीलाल माली,सुरेश मेघवाल, अनिल पंडत,फिरोज मेहर,जोगाराम सरगरा,पुखराज माली,जुबेदा बानो, उम्मेद सिंह चारण,ईश्वर सिंह बालावत,दिनेश बंजारा, कृष्ण कुमार वनिका,विनोद चौधरी, फकरुद्दीन मेहर,हीरालाल राजपुरोहित सहित तमाम कांग्रेसजन मौजूद थे।